सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

सितारों के आगे जहाँ और भी हैं - रोहित

सांप सुंघ लीजे. . .
सांप भी मर गया और लाठी भी टूट गयी,

आँखे खुली, खोलो!!
समझ आये तो समझिये, 
न सांप, सांप था न लाठी मारने वालों की थी,
इसे कहते है शातिर,
पेश-ए-ख़िदमत है, 
हिन्दू समाज की वर्ण व्यवस्था
आपके ख़ातिर,
 आप जात बताइये, 

ये आपकी औकात,
एक तरह का पौराणिक एप है,
काम आसान करने वाला,
किसका?
मूरख सवाल पूछते हो,
तभी तुम अछूत हो! 
अछूते....
तमाम मिडियोकर, 
गली के आवारा कुत्तों की तरह
सर पर 24*7 लटकते,
जातीय सचों को 
खिलौना बनाकर,
एक बच्चा, खुद
कठपुतली बनने से इंकार करता है,
तो रोहित (वेमुला) उदित होता है,
रोशनी बनता है,
अगर आप को नहीं दिखती तो आप अंधे है,
या जात या मानसिकता के पंडे,
अवस्थी, तिवारी, श्रीवास्तव, गुप्ता, रेड्डी, नैयर, मेनन....
पंडे, 
जो हमेशा अपने झंडों पर खड़े होते है,
किसने देखा है कि वो किनकी कब्रों पर गड़े होते हैं,
इनकी काबिलियत पर प्रश्न नहीं उठा सकते,
बड़े बड़े काम ये करते हैं,
इतने बड़े घड़े बनाये हैं, पापों के,
के सदियों से नहीं भरते,
और जस्ट इन केस कभी कोई 
भारी भूल हो जाए,
तो गंगा है न,
अपना नंगापन दिखने में
इनको वैसे भी कोई शर्म नहीं,
शर्म नहीं?
हमको आपको,
हम अपने आप को
अपनी मेहनत का फल मानते है,
आसान है, इसलिए मानते है,
वो याद नहीं राकेश जो 
आपकी क्लास में पड़ता था
पांचवी में
और जिस दिन स्कुल में नहीं,
उस दिन आपके घर पर,
आपका लेट्रीन साफ़ करता था,
या बाबूलाल चपरासी जो,
स्कुल छोड़ने आपको साइकिल लेजाता था
उसे ये हक कहाँ था की वो गुस्सा कर पाये,
या शर्मा मैडम जो आपकी शिकायत सुनती ही नहीं थी,
क्योंकि उन्हें मालुम था,
उच्च कुलीन कुछ गलत नहीं करते!
इतने लोगों ने सहारा दिया,
ज़ाहिर है हम अपने पैरों पर खड़े हैं,
सिर्फ इसलिए की हम जात के बड़े हैं,
या इंसानियत की नज़रों से देखें,
तो जात के सड़े हैं,

सड़े? इतने सड़े कि अपनी बदबू की
हमें आदत पड़ी है,
गद्दी पर पैठे हैं, और कहते हैं ये दुनिया सड़ी है,
और क्योंकि पुरानी आदत है, 
इसकी तोहमत भी रोहित के मत्थे जड़ी है,
रोहित
रोहित का पैगाम पढ़िए,
अगर आप एक पल के लिए
अपनी जात बाजु रखेंगे तो,
उसकी परिपक्वता का लोहा मानेंगे,
ओ! हाँ! हम तो पहले ही जानते है,
जानते हैं क़ि कोई भी अकल वाला,
ये समझ जायेगा,
उसको अम्बेडकर याद आएगा,
"हिंदू धर्म के अंदर आपको न्याय नहीं मिल सकता",
और ऊपर से उसके सर मंडराते सच,
सरकारी और प्रशासनिक 24*7
हथकंडे, और फिर वही पंडे,
और एक सच,
सितारों के आगे जहाँ और भी हैं,
रोहित कमज़ोर नहीं था,
उसे वो रास्ता दिखा,
संभावना दिखी,
और वो चला गया!

और आप हम लकीरें पीटते बैठे हैं,

सांप अंदर है और हम बाहर ढूंढते हैं,
हाथ उठा कर कहिये,
मैंने क्या किया??!!
लाठी मेरे हाथ में नहीं है,
लाठी लाठी आपकी जात है,
सदियों लंबी है, और दिखती नहीं,
आप सुरक्षित हैं,
क्योंकि आप सदियों से आरक्षित हैं,
कब तक रोहित की लाठी को दोष देंगे,
वो उसने चलने के लिए ली थी,

पर सावधान,

वो लाठी छोड़ कर गया है,
तोड़ कर गया है,
हज़ार लाख टुकड़ों में,
जो अब उन सब के हाथ पड़ी है,
जो अपने को इंसान मानते हैं,
किसी धर्म-समाज की जात नहीं,
आपके सामने सर झुकाती औकात नहीं

अगर आप समझदार इंसान हैं,

तो खा लीजिये,
लाठी,
बदलाव की,
वैसे भी ये हिंदू ही परम्परा है,
अपने पुरखों के कर्मों का 
हिसाब हमें ही चुकाना है,
अगर इंसान  नहीं हो सकते,
तो कम से कम हिंदू ही हो जाइये!




रोहित अब एक सोच है,

भारत, सपनों का,
अम्बेडकर का,
अब भी एक खोज है!

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

हिम्मत के हथियार!

हिम्मत के हथियार चाहिए नफरत नहीं प्यार चाहिए अपने हाथों में हो अपनी कश्ती की पतवार , हिम्मत के हथिया र, हिम्मत के हथियार.... कौन कहे किस को बेगाना , मजहब किसने समझा जाना मंदिर मस्जिद की बातों में, नफरत से इंकार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... कब तक हम बर्दाश्त करेंगे, मासूमों पर वार सहेंगे दिल में अपने प्यार जगा दे, अब ऐसी ललकार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... अपने सबको ही प्यारे हैं , बीच में कौन से दीवारें हैं गुलशन हरसू फूल खिला दें, ऐसे कारोबार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... हमको सबका साथ चाहिए, हर झगडे की मात चाहिए नेक इरादों के मौसम से, ये दुनिया आबाद हिम्मत के हथियार , हिम्मत के हथियार.... सबके दिल में आस चाहिए , उमींदों की प्यास चाहिये मौसम बदलेंगे जब बदलें, मौसम के आसार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... हक की सारी बात चाहिए नहीं कोई खैरात चाहिए, चलिए बनें संविधान के ऐसे पहरेदार, हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... हमको खबर ए यार चाहिए दोस्ती भाईचार चाहिए रि...

2026 वही पुराना नया साल!

नया साल आया है, लेकर वहीं पुराना सवाल आया है? मणिपुर, गाजा, सूडान, का ख़्याल आया है, देहरादून में त्रिपुरा की हत्या का बवाल आया है, सेंगर के बलात्कार का नया हाल आया है? वोट चोरी का क्या कोई निकाल आया है? उमर की बेल को कोई मिसाल आया है? जज साहेब बिके हुए हैं, सत्ता नरभक्षी है, कलेक्टर सारे डरे हुए हैं, विपक्षी अपनी गद्दियों में धंसे हुए है, पत्रकार सब दरबारी बने हुए हैं, सरकार के इश्तहार बने हुए हैं! आप और हम बॉटल में सड़ता अचार हुए हैं! हिंदुत्व का चरम है, और इसका कैसा मर्म है? मुसलमान इंसान नहीं? दलित का कोई संज्ञान नहीं? औरत इज्ज़त है, लूटने वाला सामान! नहीं? झूठ का बोलबाला हो, सच जैसे भुलावा हो, तारीख़ बदली जाएगी, भगवा इबारत आएगी, बाकी रंग शहीद होंगे, राम के सारे ईद होंगे! फिर भी साल मुबारक हो, देखिए वह जो पसंद हैं, धागा किसी का हो, आपकी पतंग है! अच्छा है इतनी उमंग है, सबका अपना ढंग है, अपनी अपनी पसंद है, हम (मैं भी) क्या करें, जो करोड़ की मुट्ठी तंग है, कपड़े उनके पैबंद हैं, सारे फीके रंग हैं! मुबारक 2026 मुबारक

हमारी बैसाखियां

  ताकत बैसाखी है, हमको लगता है  ताकत की ही झांकी है, बचपन से ही,  हमारे बड़े, घर के बड़े, स्कूल के बड़े, इधर उधर पड़े, सारे ही बड़े, जाने-अनजाने,  अनभिज्ञ – अज्ञान में या झूठी शान में, अहम में, खोखले मान में, छोटों को कम करते हैं, सच कहूं तो, हमारे पर कतरते हैं, और थमा देते हैं बैसाखी, ताकत की, जब भी हमको बड़ा होना होता है, हम उसी बैसाखी का सहारा लेते हैं, रौब जमाते हैं छोटों पर, छेड़ते हैं लड़कियों को, मजाक उड़ा देते है, किसी का किसी को, नीचा दिखा देते हैं, कभी शरीर की ताकत, कभी तहरीर की, लड़कियों को शर्म, दलित को कर्म, दो जेंडर में फिट नहीं तो शर्म, ये ताकत हमारे मर्म को मारती है, मर्द हो तो रोना नहीं, औरत - शर्म खोना नहीं! चलिए इन बैसाखियों को तोड़ दें, ताकत के खेल छोड़ दें, अगर हम कम नहीं, तो कोई ज्यादा नहीं, बस इतनी ही बात है! तराजूओं से उतर जाएं, कम ज्यादा, सही गलत, बड़े छोटे, काले गोरे, ये सब बैसाखियों के  प्रकार हैं, ताकत के हथियार हैं!  ये करना आसान नहीं होगा, ये भी मंजूर करिए  ये चश्मे दिमाग में चढ़े हैं, नज़र नहीं आते, पर बहुत बड़े हैं! किस...