सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

हम साथ साथ हैं!


सुना है 

भगवान का बलात्कार हो गया,

कहने को दो मर्द थे,

बेरहम, बेदर्द थे,

भगवान?

हाँ जी,

आप ही तो कहते हैं

बच्चे भगवान का रुप हैं

किससे कहते

अब तो भगवान बचाये?

पर सच समझना है तो,

सच्चाई जानना होगी,

दो मर्द दुकेले कैसे

भगवान का रेप करेंगे?

सुसाईड़ मिशन तो था नहीं,

वरना बात एक हफ़्ते दफ़न नहीं होती,

सच्चाई ये है कि वो अकेले नहीं थे,

वो उस समय अपनी जात,

जी हाँ, जात जता रहे थे,

"मर्द जात"

बदजात!

बलात्कार एक हथियार है,

उसको बनाने वाले,

चलाने वाले, सब मर्द,

बलात्कार कोई अकेले नहीं करता,

करते वक्त उनके साथ,

होती है एक संस्कॄति, चीरहरण की,

इतिहास, जंग का, दंगों का,

बेगुनाह छूटे साथियों का,

हमारी याद,

जो केवल अगली बड़ी खबर तक जिंदा है

तो अगर आप दोष दे रहे हैं,

एक-दो मर्द को, और मांग रहे हैं,

उनको सज़ा--मौत

तो आप केवल बचने की कोशिश कर रहे हैं

सज़ा आप को भी बनती है,

हम सब को,

क्योंकि हम साथ-साथ हैं,

रेप एक आदमी करता है,

पर वो अकेला नहीं है,

उसकी हिम्मत, उसकी सोच

हम सबकी देन है,

फ़िल्मों‌ में लड़की शरीर होती है,

हम देखते हैं

अखबारों में, विज्ञापनों में,

सड़कों पर,

किताबों में, पुराणों में

सब जगह वही एक सबक है,

इस्तेमाल की चीज़ है

जिस कल्चर में,

अपनी बीबी का बलात्कार करना

मर्द का कानूनी अधिकार है,

तो आपका एक बलात्कारी पे गुस्सा,

बेकार है,

वो अकेला नहीं है,

हम साथ साथ हैं,

इतनी भी कोई बड़ी बात नहीं है,

सच कहें तो आपको प्रोब्लम,

रेप से नहीं है,

केंड़िड़ेट गलत चुना,

अगर कोई सही उमर और

गलत जात की होती,

तो फ़िर कोई और बात होती,

ये बात रोज़ नहीं अखबार होती,

सुबह की चाय नहीं खराब होती,

सच कड़वा होता है,

आपको प्रोब्लम रेप से नहीं,

कहां होता है उससे है,

वर्ना ये क्या बात है,

कि दिल्ली, बेंगलोर में हुआ

तो बलात्कार है,

भागना, मुज़फ़्फ़र में‌ हुआ,

तो अंदर के पन्नों पे छपा समाचार है?

छह साल कि बच्ची के साथ हुआ तो

गुस्सा ज्यादा, और

बीस साल के साथ गुस्सा कम,

क्या उमर बढ्ने से,

रेप होने की योग्यता बढ् जाती है?

बड़ा शहर तो बात बड़ी,

छोटे शहर की छोटी,

और गाँव वगैरा में तो

ये आम बात है,

यानी बात वापस वहीं आती है,

आपका गुस्सा, आक्रोश

बलात्कार से नहीं है,

जगह, उमर, जात, हालात, ये सब

देख कर होना चाहिये,

यानी कमज़ोर, मजबूर, मज़दूर,

यानी जिनका हमेशा से होता आया है,

जो आपको पहले नज़र नहीं आया है,

ये शरीफ़, 'अच्छे घरों' वाले,

पढे-लिखे लोगों के साथ नहीं होना चाहिये,

आखिर मर्यादा भी कोई चीज़ होती है,

मूरख बलात्कारी, इतनी भी नहीं‌ जानकारी,

अच्छे दिनों में बुरे काम नहीं करते!





टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

हिम्मत के हथियार!

हिम्मत के हथियार चाहिए नफरत नहीं प्यार चाहिए अपने हाथों में हो अपनी कश्ती की पतवार , हिम्मत के हथिया र, हिम्मत के हथियार.... कौन कहे किस को बेगाना , मजहब किसने समझा जाना मंदिर मस्जिद की बातों में, नफरत से इंकार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... कब तक हम बर्दाश्त करेंगे, मासूमों पर वार सहेंगे दिल में अपने प्यार जगा दे, अब ऐसी ललकार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... अपने सबको ही प्यारे हैं , बीच में कौन से दीवारें हैं गुलशन हरसू फूल खिला दें, ऐसे कारोबार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... हमको सबका साथ चाहिए, हर झगडे की मात चाहिए नेक इरादों के मौसम से, ये दुनिया आबाद हिम्मत के हथियार , हिम्मत के हथियार.... सबके दिल में आस चाहिए , उमींदों की प्यास चाहिये मौसम बदलेंगे जब बदलें, मौसम के आसार हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... हक की सारी बात चाहिए नहीं कोई खैरात चाहिए, चलिए बनें संविधान के ऐसे पहरेदार, हिम्मत के हथियार, हिम्मत के हथियार.... हमको खबर ए यार चाहिए दोस्ती भाईचार चाहिए रि...

2026 वही पुराना नया साल!

नया साल आया है, लेकर वहीं पुराना सवाल आया है? मणिपुर, गाजा, सूडान, का ख़्याल आया है, देहरादून में त्रिपुरा की हत्या का बवाल आया है, सेंगर के बलात्कार का नया हाल आया है? वोट चोरी का क्या कोई निकाल आया है? उमर की बेल को कोई मिसाल आया है? जज साहेब बिके हुए हैं, सत्ता नरभक्षी है, कलेक्टर सारे डरे हुए हैं, विपक्षी अपनी गद्दियों में धंसे हुए है, पत्रकार सब दरबारी बने हुए हैं, सरकार के इश्तहार बने हुए हैं! आप और हम बॉटल में सड़ता अचार हुए हैं! हिंदुत्व का चरम है, और इसका कैसा मर्म है? मुसलमान इंसान नहीं? दलित का कोई संज्ञान नहीं? औरत इज्ज़त है, लूटने वाला सामान! नहीं? झूठ का बोलबाला हो, सच जैसे भुलावा हो, तारीख़ बदली जाएगी, भगवा इबारत आएगी, बाकी रंग शहीद होंगे, राम के सारे ईद होंगे! फिर भी साल मुबारक हो, देखिए वह जो पसंद हैं, धागा किसी का हो, आपकी पतंग है! अच्छा है इतनी उमंग है, सबका अपना ढंग है, अपनी अपनी पसंद है, हम (मैं भी) क्या करें, जो करोड़ की मुट्ठी तंग है, कपड़े उनके पैबंद हैं, सारे फीके रंग हैं! मुबारक 2026 मुबारक

हमारी बैसाखियां

  ताकत बैसाखी है, हमको लगता है  ताकत की ही झांकी है, बचपन से ही,  हमारे बड़े, घर के बड़े, स्कूल के बड़े, इधर उधर पड़े, सारे ही बड़े, जाने-अनजाने,  अनभिज्ञ – अज्ञान में या झूठी शान में, अहम में, खोखले मान में, छोटों को कम करते हैं, सच कहूं तो, हमारे पर कतरते हैं, और थमा देते हैं बैसाखी, ताकत की, जब भी हमको बड़ा होना होता है, हम उसी बैसाखी का सहारा लेते हैं, रौब जमाते हैं छोटों पर, छेड़ते हैं लड़कियों को, मजाक उड़ा देते है, किसी का किसी को, नीचा दिखा देते हैं, कभी शरीर की ताकत, कभी तहरीर की, लड़कियों को शर्म, दलित को कर्म, दो जेंडर में फिट नहीं तो शर्म, ये ताकत हमारे मर्म को मारती है, मर्द हो तो रोना नहीं, औरत - शर्म खोना नहीं! चलिए इन बैसाखियों को तोड़ दें, ताकत के खेल छोड़ दें, अगर हम कम नहीं, तो कोई ज्यादा नहीं, बस इतनी ही बात है! तराजूओं से उतर जाएं, कम ज्यादा, सही गलत, बड़े छोटे, काले गोरे, ये सब बैसाखियों के  प्रकार हैं, ताकत के हथियार हैं!  ये करना आसान नहीं होगा, ये भी मंजूर करिए  ये चश्मे दिमाग में चढ़े हैं, नज़र नहीं आते, पर बहुत बड़े हैं! किस...